बिना शिक्षक के कैसे पढ़ेंगे अंग्रेजी

तेलका (चंबा)। सीनियर सेकेंडरी स्कूल तेलका में स्टाफ की काफी कमी चल रही है। इससे स्कूल में अध्ययनरत बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्कूल में तीन शिक्षकों और चार अन्य पद रिक्त चल रहे हैं। कामर्स के दो व अंग्रेजी विषय के एक शिक्षक का पद खाली होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वाणिज्य व सांख्यिकी शास्त्र के शिक्षकों के पद खाली होने से बच्चों की कक्षाएं नहीं लग रही हैं। साथ ही स्कूल में एक अधीक्षक, एक क्लर्क, एक लैब सहायक व एक लाइब्रेरियन का पद भी लंबे अरसे से खाली चल रहे हैं। स्कूल में वर्तमान में कामर्स में 48 बच्चे व अंग्रेजी विषय के 150 बच्चे ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा में अध्ययनरत हैं। अंग्रेजी के लेक्चरर का पद करीब एक साल से खाली चल रहा है। शिक्षकों के पद रिक्त होने से कामर्स के विषय का सिलेबस पढ़ाया नहीं गया है। इससे बच्चों सहित उनके अभिभावक परेशान हैं। स्थानीय ग्रामीणों जगदीश कुमार, प्रवीन कुमार, पवन कुमार, चमन सिंह, राजेश कुमार, कर्म सिंह, भोजू राम, सरदार मोहम्मद, अच्छरू राम, चतर सिंह, हनीफ मोहम्मद व विनोद कुमार ने बताया कि शिक्षकों के पद खाली होने से बच्चों की पढ़ाई पर विपरीत असर पड़ रहा है। शिक्षकों के पदों को भरने की मांग शिक्षा विभाग से पहले ही की जा चुकी है। अभी तक शिक्षकों के पद नहीं भरे गए हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार व शिक्षा विभाग से जल्द रिक्त पदों को भरने की मांग की है। तेलका स्कूल के प्रधानाचार्य केके शर्मा ने बताया कि सभी खाली पदों की सूची शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।

Related posts