बिना डाक्टर पीएचसी लठियाणी

लठियाणी (ऊना)। प्रदेश सरकार की ओर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के दावे खोखले ही साबित हो रहे हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लठियाणी में पिछले कई दिनों से फार्मासिस्ट एवं एएमओ के सहारे चल रहा है। इस स्वास्थ्य केंद्र से डाक्टर के स्थानांतरण होने के बाद इस पद को नहीं भरा गया है। स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक न होने के कारण क्षेत्र की चार पंचायताे के लोगाे को परेशानी से गुजरना पड़ रहा है।
केंद्र में चिकित्सक न होने के कारण रोगियों को आपातकालीन सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। रोगियों को स्वास्थ्य सुविधाएं लेने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना या फिर निजी क्लीनिकों की ओर रुख करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी राज कुमार, किशन चंद, प्रकाश चंद, श्रवण सिंह, ज्ञान चंद, पूर्व उप प्रधान प्रकाश चंद, पंच राज कुमार, किशोरी लाल, पवना कुमारी, उषा देवी, पुष्पा देवी, चमन लाल, बृज मोहन, रमना कुमारी, अनीता कुमारी, रीना देवी, पवना देवी, सत्या देवी, राज कुमारी, चंचला देवी, तिलक राज, आशा देवी का कहना है कि जब कोई व्यक्ति बीमार हो जाता है तो उसे निजी क्लीनिक ले जाने को मजबूर होना पड़ता है, क्योंकि क्षेत्रीय अस्पताल ऊना यहां से 40-50 किलोमीटर की दूरी पर हैं। तब तक कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है। लोगों ने सरकार से मांग कि है कि जल्द से जल्द उपमंडल बंगाणा के स्वास्थ्य केंद्रों में खाली पडे़ डाक्टरों के पद भरे जाएं। उधर, स्थानीय ग्राम पंचायत लठियाणी के प्रधान महेंद्र सिंह का कहना है कि लोगाे की इस समस्या को स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह के समझ उठाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी जीआर कौशल ने कहा कि सभी रिक्त पदों की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही रिक्त पदों को भरा जाएगा।

Related posts