
चंबा। एससीए चुनावों में बिना पहचान पत्र के विद्यार्थी वोट नहीं डाल पाएंगे। प्रदेश के कालेजों में 17 अगस्त को चुनाव के दिन बिना आईकार्ड वाले विद्यार्थियों को वोट नहीं डालने दिए जाएंगे। बिना आईकार्ड कालेजाें में पहुंचने वाले विद्यार्थियों को बिना वोट डाले निराश होकर लौटना पड़ सकता है। प्रदेश विवि सहित समस्त कालेज प्रशासन ने इस बाबत आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं छात्र संगठनों के प्रत्याशी भी वोट मांगने के साथ-साथ चुनाव वाले दिन पहचान पत्र साथ लाने का आग्रह कर रहे हैं।
कालेजों में चुनाव के दिन बिना आईकार्ड वालों को गेट के अंदर भी नहीं आने दिया जाएगा। गेट में तैनात पुलिसकर्मी एवं गेटकीपर बिना आईकार्ड वाले विद्यार्थियों को कालेज के प्रवेश द्वार से ही वापस भेज देंगे। पांच अगस्त के बाद कालेजों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के नाम भी इस दफा वोटिंग लिस्ट में शामिल नहीं किए गए हैं। स्थानीय कालेज में विश्वविद्यालय के आदेश पहुंच चुके हैं। एबीवीपी के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार भुवनेश भारद्वाज, एसएफआई के नारायण सिंह एवं एनएसयूआई के परमेंद्र ने बताया कि वे पूरे पैनल को वोट करने के साथ विद्यार्थियों से 17 अगस्त को पहचान पत्र साथ लाने की अपील भी कर रहे हैं।
डिग्री कालेज चंबा की कार्यकारी प्राचार्य मंजुला शर्मा ने बताया कि चुनाव वाले दिन बिना आईकार्ड वाले छात्र-छात्राओं की कालेज में एंट्री नहीं होगी और पहचान पत्र साथ लाने वाले विद्यार्थी ही वोट डाल सकेंगे।
