बिझड़ी में गहराया पेयजल संकट

बिझड़ी (हमीरपुर)। विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत गारली के करीब आधा दर्जन गांवों में पेयजल संकट गहराया है। बरसात के मौसम में भी लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। हालांकि तीसरे दिन पानी की नाममात्र आपूर्ति दी जा रही है लेकिन कई नल सूूखे पड़े हैं।
गारली पंचायत प्रधान शीला देहल, शम्भूराम, विधि चंद, तारो देवी, पुरुषोत्तम चंद, बलवीर सिंह, जीत राम, कंचन देवी, नीलम कुमारी, समाजसेवी देवराज देहल, व्यासा देवी, लेखराम, संजय कुमार, विमला देवी, संजना देवी, जग्गा राम, मेलर राम, दलीलो देवी, वसंती देवी आदि का कहना है कि पेयजल सप्लाई न होने से क्षेत्र में पानी को हाहाकार मचा हुआ है। क्षेत्र के गरनू दा पंगा, हरिजन बस्ती मतकर, हरिजन बस्ती धुम्मा, हरिजन बस्ती जिव, हरिजन बस्ती तौंदला, लोहर मतकर और मांजरा बस्ती में पीने के पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में भी क्षेत्र के करीब 150 परिवार प्यासे हैं।
उन्होंने बताया कि उनके गांवों में तीसरे दिन पानी छोड़ा जाता है लेकिन पानी नलों तक नहीं पहुंच पाता है। ऐसे में लोगों की परेशानियां थमने का नाम नहीं ले रही है। लोगों ने विभाग से मांग की कि क्षेत्र में जल्द ही नियमित पेयजल आपूर्ति को बहाल किया जाए।
उधर, अधिशासी अभियंता एसएस कौशल का कहना है कि समस्या बारे जानकारी नहीं है। अगर क्षेत्र में पानी की समस्या है तो उसे जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा।

Related posts