बिझड़ी की छात्रा 10वीं में आठवें स्थान पर

बिझड़ी (हमीरपुर)। किड बड्स पब्लिक स्कूल बिझड़ी की छात्रा शिवालिका कुमारी ने दसवीं कक्षा में पुनर्मूल्यांकन परिणाम के पश्चात प्रदेश भर में आठवां स्थान हासिल किया है। छात्रा ने मई माह में जारी परीक्षा परिणाम में 662 अंक हासिल किए थे और मेरिट में स्थान नहीं मिल पाया था। छात्रा प्राप्त अंकों से संतुष्ट नहीं थी तथा पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था। पुनर्मूल्यांकन करवाने के पश्चात अंकों में बढ़ोतरी हुई है तथा मेरिट में स्थान भी मिला है। मामले ने बोर्ड की मूल्यांकन प्रणाली पर भी सवाल खड़ा किए हैं।
स्कूल की छात्रा शिवालिका कुमारी ने संस्कृत विषय में पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था। इसके बाद 9 अंकों की बढ़ोतरी हुई। छात्रा के 662 से 671 अंक हो गए तथा मेरिट में आठवां स्थान हासिल किया। स्कूल प्रधानाचार्य बलजीत सिंह ने शिवालिका की उपलब्धि पर बधाई दी। शिवालिका के दादा बलदेव सिंह, माता नीना कुमारी ने शिक्षा बोर्ड के सचिव का धन्यवाद किया। शिवालिका के पिता भी एक शिक्षाविद थे तथा अकस्मात सड़क दुर्घटना में मौत का शिकार हो गए थे। शिवालिका की उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन ने स्मृित चिन्ह देकर सम्मानित किया। समाजसेवी संजीव कुमार शर्मा, शिक्षाविद सुरेश कुमार शर्मा, शिक्षाविद संजीव कुमार ठाकुर सहित गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related posts