
आनी (कुल्लू)। रविवार शाम से क्षेत्र की कुंगश और कराणा पंचायत के दर्जनों गांव में बिजली आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। बार-बार बिजली आपूर्ति प्रभावित होने पर नाराज ग्रामीणों से बिजली बोर्ड के अधिकारियों को चेताया है कि अगर समय रहते सेवाओं में सुधार नहीं किया गया तो वह आनी में बोर्ड के कार्यालय में धरना देने को मजबूर होंगे।
क्षेत्र के लोगों में ज्ञान शर्मा, चुन्नी लाल, प्रदीप कुमार, राम दास, मोलक राम, प्रेमचंद और भगवान दास का कहना है कि उनके गांव में रविवार शाम से बिजली गुल है। कुछ देर बिजली आपूर्ति बहाल होती है, उसके बाद फिर वहीं हाल हो जाता है। यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है। हालांकि इस बारे में कई बार बिजली बोर्ड के अधिकारियों सेे शिकायत भी की गई, लेकिन इसके बाद भी कोई सुधार नहीं हो पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके क्षेत्र में बार-बार बिजली के अघोषित कट लगाए जाते हैं। जो अब बर्दाश्त नहीं होगा। इस बारे में बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता केहर सिंह का कहना है कि इस क्षेत्र में फाल्ट आ जाने से बिजली प्रभावित है। जल्द समस्या को दूर किया जा रहा है।
जबकि इस बारे एससी रामपुर एसएन अपृति का कहना है कि आनी में पैनल खराब है। एक पैनल खराब होने से दूसरे क्षेत्र भी प्रभावित हो रहे है। उन्होंने कहा कि इन्हें रिपेयर करने के लिए कंपनी को कहा गया है। आठ से दस दिन के अंदर पैनल ठीक हो जाएंगे।
