
सैंज (कुल्लू)। तीन माह पूर्व लीक हुई पार्वती परियोजना-3 की हैडरेस टनल फिर लीक हो गई है। परियोजना बनकर तैयार है और अगले माह तक इससे बिजली उत्पादन करने का भी लक्ष्य रखा गया है। लेकिन, उत्पादन से पहले टनल का लीक होना बिजली उत्पादन लक्ष्य को झटका माना जा रहा है। इस कारण बिजली का तय लक्ष्य आगे खिसक सकता है। परियोजना के सिउंड स्थित बिहाली पावर हाउस के पास हैडरेस टनल के लीक होने से जहां परियोजना प्रबंधनमें हड़कंप मचा है, वहीं टनल के लीक होने से साथ लगते सपागणी गांव को भी खतरा पैदा हो गया है। तीन माह पूर्व बरसात के दिनों हुई लीकेज को कंपनी प्रबंधन ने इसे बरसात का पानी होने की बात कही थी, लेकिन रविवार को टनल से निकले पानी ने सबको हैरान कर दिया है। कनौन पंचायत की प्रधान पिंगला देवी तथा ग्रामीण सुरेश शर्मा, परस राम तथा लीलाधर ने बताया कि परियोजना-3 के सिउंड स्थित पावर हाउस की हैडरेस टनल से पानी का लीकेज होना काफी चिंतनीय है। कहा कि पानी के लीक से सपागणी गांव को खतरा हो गया है। उधर, परियोजना-3 के महाप्रबंधक ओम प्रकाश ने बताया कि स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। पानी का लीकेज कहां से हो रहा है, इसका निरीक्षण किया जा रहा है। कहा कि समस्या जल्द दूर कर दी जाएगी।
