बाह्य सराज भवन की मांग करेंगे कर्मचारी

कुल्लू। जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ कुल्लू के अध्यक्ष सेस राम आजाद ने कहा कि जिला कुल्लू की जेसीसी बैठक में डीसी के समक्ष बाह्य सराज भवन निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। डीसी कुल्लू से बैठक में भवन निर्माण के लिए भूमि की मांग करेंगे। कहा कि भवन बनने से बाह्य सराज के खास कर गरीब तपके के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
जिला अध्यक्ष एसआर आजाद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एलआर गुलशन तथा महासचिव दलीप शरोट ने कहा कि बाह्य सराज की 58 पंचायतों के लोग अपने कामकाज को लेकर जिला मुख्यालय के सरकारी और निजी दफ्तरों में आते हैं। लेकिन उन्हें यहां पहुंचने पर कई दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। रात्रि ठहराव की उचित व्यवस्था न होने से उन्हें निजी होटलों या गेस्ट हाउसों में भारी भरकम किराया देकर ठहरना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि कई ऐसी समस्याएं हैं जिसमें सबसे गंभीर रात्रि ठहराव है। आजाद ने कहा कि जिला अस्पताल होने से बाह्य सराज से भारी संख्या में लोग इलाज करवाने आते हैं। उन्हें भी असुविधा के अभाव में धक्के खाने पड़ते हैं। आजाद ने कहा कि जिला मुख्यालय में बाह्य सराज भवन का निर्माण करवाना अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की प्राथमिकता में है और इसे पूरा करने के लिए वह भरसक प्रयास करेंगे।

Related posts