
कुल्लू। जिला मुख्यालय में बाह्य सराज भवन निर्माण को लेकर जिला प्रशासन ने जमीन तलाशने का काम शुरू कर दिया है। उपायुक्त राकेश कंवर ने राजस्व विभाग को ढालपुर में कहीं भी जमीन तलाश करने को कहा है। बाह्य सराज भवन बनाने की मांग ने जोर पकड़ रखा है। इसी को देखते हुए कृषि उपज कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति विपणन बोर्ड के अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा ने उपायुक्त कुल्लू से मिलकर जिला मुख्यालय में बाह्य सराज के लोगों को आने वाली समस्याओं के बारे में अवगत करवाया। उनके साथ आनी युुवा कांग्रेस अध्यक्ष सतपाल ठाकुर तथा एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्र्रकेश शर्मा मौजूद रहे। मिश्रा ने डीसी को बताया कि जिला मुख्यालय में रोजाना बाह्य सराज के लोगों का किसी न किसी काम के लिए आना-जाना लगा रहता है। रात्रि ठहराव के लिए लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। ऐसे में जिला मुख्यालय में ट्राइबल भवन की तर्ज पर बाह्य सराज भवन का निर्माण करना आवश्यक है। उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को ध्यान से सुना तथा तहसीलदार को जमीन तलाश करने के आदेश दिए हैं। कंवर ने कहा कि अगर सरकारी जमीन नहीं मिलती है तो निजी जमीन तलाश कर भवन बनाया जाएगा।
—
भवन कमेटी का होगा गठन : मिश्रा
कुल्लू। कांग्रेस नेता एवं एपीएमसी के अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा ने कहा कि बाह्य सराज भवन निर्माण के लिए भूमि तलाश का काम जोरों पर है। भवन निर्माण के लिए बाह्य सराज भवन कमेटी का गठन किया जाएगा, जो भवन निर्माण की तमाम गतिविधियों पर काम करेगी। मिश्रा ने कहा कि जैसे ही भूमि मिलती है, कमेटी का गठन किया जाएगा।
