बाहरी व्यापारियों के दखल से कारोबार चौपट

कुल्लू/आनी। कश्मीरी व्यापारियों के घर-घर जाकर सामान बेचने पर आनी व्यापार मंडल ने खासी नाराजगी जताई है। इलेक्ट्रिकल सामान से लेकर सूट, बूट, गरम कपड़ों और रजाई तथा कंबलों के साथ इलाके में दस्तक दे रहे इन कश्मीरी व्यापारियों के चलते आनी व्यापार मंडल का धंधा चौपट हो गया है।
व्यापार मंडल का कहना है कि आनी उपमंडल के दुकानदार लोगों को उधार में सामान देते हैं, जबकि कश्मीर से आने वाले यह व्यापारी गांव-गांव जाकर नगदी में सामान बेचते हैं। इस कारण गांव का खरीददार शहर का रुख नहीं कर पाता। इस पर सरकार को पाबंदी लगानी चाहिए। इसके अलावा आनी शहर में ट्रैफिक और निकासी के उचित प्रबंध न होने से भी कारोबार प्रभावित हो रही है।
स्थानीय व्यापारी चमन शर्मा, सोहन लाल, गोविंद सिंह, फकीर चंद वर्मा और खुशहाल ठाकुर ने कहा कि बीते कुछ महीनों से आनी इलाके में कश्मीरी लोगों की चहलकदमी काफी बढ़ गई है। यह लोग गांव-गांव जाकर सामान बेचते हैं, जिस कारण उनका धंधा प्रभावित हो रहा है। खास कर रजाई, कंबल और गरम वस्त्रों को भारी मात्रा में लेकर आते हैं। कहा कि व्यापारियों की हालात इतनी खराब हो गई है महंगाई के इस दौर में जहां दुकान का किराया निकालना तक मुश्किल हो गया है, तो वहीं धंधा चौपट होने से परिवार का पालन पोषण करना में भी दिक्कत हो रही है। इस पर सरकार और स्थानीय प्रशासन को ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
बाहरी व्यापारियों पर लगाएं प्रतिबंध
आनी क्षेत्र में कश्मीरी व्यापारियों की बढ़ती चहलकदमी से यहां के दुकानदार खासे परेशान हैं। कई दुकानदारों को मासिक किराया तक निकालना मुश्किल हो गया है। इस हालत में सरकार और प्रशासन को इन व्यापारियों पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए।
विनोद चंदेल अध्यक्ष व्यापार मंडल आनी

Related posts