बाल मजदूरी करवाने वालों के चालान काटे

अबोहर: बाल मजदूरी खात्मा सप्ताह के तहत आज ग्रेड वन लेबर इंस्पैक्टर ने अपनी टीम सहित शहर के विभिन्न होटलों, ढाबों व दुकानों में छापेमारी कर 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से मजदूरी करवाने वाले दुकानदारों के चालान काटे। जानकारी के अनुसार लेबर इंस्पैक्टर निरंजन सिंह ने उप-मंडल अधिकारी के कार्यालय की सुपरिंटैंडैंट हरदीप कौर व पुलिस पार्टी सहित नगर के 62 विभिन्न ढाबों, चाय की दुकानों, खोखों, रेहडिय़ों, होटलों व विभिन्न मिष्ठान भंडारों पर जाकर बाल मजदूरी करवा रहे 6 दुकानदारों के चालान काटे।

लेबर इंस्पैक्टर ने बताया कि 14 वर्ष की आयु से कम उम्र के बच्चों से मजदूरी करवाना कानून अपराध है और इसका उल्लंघन करने वाले को 6 माह की कैद व 20 हजार रुपए तक का जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि दूसरी बार इस कानून का उल्लंघन करने वाले को 2 साल तक की कैद की सजा हो सकती है।

Related posts