
अंब (ऊना)। बाबा बड़भाग सिंह से माथा टेककर वापस जा रहे करीब 49 श्रद्धालुओं से भरा टाटा 407 पंजोआ मैड़ी मार्ग पर एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लुढ़क गया। हादसे में दो महिलाओं सहित एक अन्य बुजुर्ग को मामूली चोटें आईं। गनीमत यह रही कि बाकी श्रद्धालु सुरक्षित रहे।
जानकारी के मुताबिक पंजाब के तरनतारन से श्रद्धालुओं का एक जत्था टाटा 407 नंबर पीबी 10 5278 में मैड़ी आया हुआ था। शनिवार को माथा टेकने के बाद रविवार सुबह श्रद्धालु ऊना स्थित पीरनिगाह होते हुए तरनतारन वापस लौट रहे थे। मैड़ी रपोह मिसरा मार्ग पर एक मोड़ के पास ड्राइवर बलबीर जग्गा टाटा 407 को संभाल नहीं पाया और ट्रक सड़क किनारे खड्ड में लुढ़क गया। गनीमत रही कि ट्रक अचानक रुक गया। महज पांच फीट की दूरी पर करीब 200 फीट गहरी खाई थी। हादसे में तरनतारन निवासी गुरदीप सिंह, मनजोध कौर, सिमरन कौर को चोटें आईं। वहीं बाकी के 46 श्रद्धालु सुरक्षित रहे। घायलों को अन्य श्रद्धालु स्थानीय क्लीनिक ले गए, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। बताया जा रहा है कि 68 वर्षीय बुजुर्ग के सिर पर गहरी चांट आई है। लेकिन श्रद्धालु उन्हें अपने साथ ले गए। उधर अंब थाना ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह का कहना है कि घटना की जानकारी उन्हें लोगों से मिली थी। किसी के शिकायत न होने के कारण मामला दर्ज नहीं किया गया।
