
हमीरपुर। बाल आश्रम सुजानपुर में रह रहा एक बालक दीवार फांद कर भाग गया है। बताया जा रहा है कि बालक अपने साथी के साथ पेशाब करने के लिए गया था। आश्रम के कर्मचारियों ने लड़के की तलाश की लेकिन कहीं नहीं मिला। उसके बाद आश्रम के अधीक्षक ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर बालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बाल आश्रम सुजानपुर के अधीक्षक तिलक राज ने पुलिस थाना सुजानपुर में शिकायत दर्ज करवाई है कि आश्रम में रह रहा बालक निवासी सहारनुपर, बोध गया (बिहार) 11 अप्रैल शुक्रवार शाम करीब साढ़े 7 बजे अपने दोस्त के साथ पेशाब करने के लिए गया। बालक दीवार फांद कर वहां से भाग गया।
आश्रम कर्मचारियों को जब इस बात की जानकारी मिली तो कर्मचारियों ने लड़के को ढूंढना शुरू किया। काफी देर तक ढूंढने के बाद भी लड़का कहीं नहीं मिला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक वीना भारती ने बताया कि पुलिस लड़के को ढूंढने में लगी है।
