बालिकाओं की 500 मीटर दौड़ में निकिता अव्वल

सतौन (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र के कफोटा में क्षेत्रीय विकास समिति की ओर से आयोजित गांधी जयंती के उपलक्ष्य में खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का समापन किया गया। समापन समारोह में ग्रामीण विकास पंचायतीराज एवं पशु पालन मंत्री अनिल शर्मा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। आयोजकों ने मुख्यातिथि का पारंपरिक ढोल नगाड़ों से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने क्षेत्र का पारंपरिक डांगरा भी मुख्यातिथि को भेंट किया।
क्षेत्रीय विकास समिति के अध्यक्ष गुमान सिंह चौहान ने क्षेत्र की समस्याओं से संबंधित एक मांगपत्र पंचायतीराज मंत्री को सौंपा। मांगपत्र में कफोटा में विकास खंड की स्थापना, स्थानीय पंचायत का अलग विश्राम गृह, कफोटा में पशु चिकित्सालय भवन जैसी मांगों के अलावा क्षेत्र में हर वर्ष मनाई जाने वाली गांधी जयंती को सरकारी स्तर पर मनाए जाने की मांग रखी।
कार्यक्रम में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं में ग्रामीण वालीबाल स्पर्धा में थाणा प्रथम, दुगाणा द्वितीय रहा। जबकि ओपन वालीबाल में हरियाणा का जिला करनाल प्रथम तथा अंबाला दूसरे स्थान पर रहा। वालीबाल ग्रामीण के तहत सुरेंद्र राणा को बेस्ट वालीबाल खिलाड़ी के खिताब से सम्मानित किया गया। जबकि ओपन वालीबाल में करनाल के राहुल को बेस्ट खिलाड़ी का खिताब मिला। कबड्डी ग्रामीण में नैनीधार प्रथम, कांडो भटनोल द्वितीय रहा।
नैनीधार के अनिल को बेस्ट कबड्डी प्लेयर घोषित किया गया। इसके अलावा चेयर रेस में सुनील शर्मा, शतरंज में प्रकाश फौजी, हजार मीटर दौड़ में रघुवीर सिंह विजयी रहे। बालिकाओं की 500 मीटर दौड़ में निकिता प्रथम, अंजू दूसरे स्थान पर रही। लंबी कूद में अंबाला के मोहित कुमार प्रथम, हरियाणा के रजत कुमार द्वितीय रहे। ऊंची कूद में रजत अंबाला प्रथम एवं थाणा के सुरेंद्र द्वितीय रहे। बैडमिंटन सिंगल में शिलाई के जीएस नेगी प्रथम तो डबल्स में शिलाई के ओपी तोमर तथा जीएस नेगी प्रथम रहे।

Related posts