
कुल्लू। देवभूमि कुल्लू में बरसात अब तक लोक निर्माण विभाग को 74 करोड़ रुपये की चपत लगा चुकी है। बारिश से बाढ़ के चलते जहां बंजार घाटी के थाटीबीड़ और सैंज घाटी में मक्की, राजमाह, टमाटर और फूलगोभी की फसलों को नुकसान पहुंचा है वहीं इस मूसलाधार बारिश का कहर लोनिवि पर भी भारी पड़ा। इसमें सबसे ज्यादा नुकसान लोनिवि को आनी क्षेत्र में उठाना पड़ा है। यहां करीब 32 करोड़ रुपये की क्षति अब तक हो चुकी है। इसमें दो करोड़ का नुकसान 72 घंटों के बीच हुआ है।
कुल्लू एक की बंजार घाटी में 16 करोड़, कुल्लू दो में 21 करोड़ तथा उदयपुर के चिनाब डिविजन में पांच करोड़ की क्षति लोनिवि को उठानी पड़ी है। बाह्य सराज आनी-निरमंड में विभाग के एक दर्जन मार्गों पर मलबा गिरने, डंगे धंसने और सड़कों के जगह-जगह से क्षतिग्रस्त होने से विभाग को काफी नुकसान हुआ है।
मूसलाधार बारिश से आनी-निरमंड में शुक्रवार को औट-लुहरी मार्ग सहित 10 सड़कों पर यातायात पूरी तरह से अवरुद्ध रहा। इनको बहाल करने में लोनिवि को जमकर पसीना बहाना पड़ रहा है। कुल्लू एक के बंजार इलाके में भी सड़कों को भारी नुकसान हुआ है। लोनिवि आनी के एक्सइएन अनिल कुमार शर्मा तथा लोनिवि बंजार के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार गुप्ता के मुताबिक विभाग को अब तक करोड़ों रुपये की क्षति उठानी पड़ी है। इस कारण विभाग का बजट भी गड़बड़ा गया है। 72 घंटों में ही विभाग को दो करोड़ की चपत लगी है।
आनी डिवीजन के अधिशासी अभियंता अनिल शर्मा ने आनी-निरमंड की 58 पंचायतों में 32 करोड़ की क्षति हुई है। अधीक्षण अभियंता ललित भूषण ने कुल्लू-एक और कुल्लू दो तथा उदयपुर डिविजिन में दो माह के भीतर 42 करोड़ का नुकसान होने की पुष्टि की है। भारी बारिश से सड़कों के धंसने, पहाड़ियों से मलबा आने तथा डंगों के ढहने से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। विभाग आकलन करने में जुटा है। नुकसान की रिपोर्ट को तैयार कर सरकार को प्रेषित किया जा रहा है।
