बारिश से लगा जगह-जगह जाम

नई दिल्ली। राजधानी में मंगलवार को हुई बारिश से जगह-जगह जबरदस्त जाम लग गया। दक्षिण दिल्ली में दोपहर करीब एक घंटे तक जबरदस्त बारिश हुई। इसकी वजह से साउथ एक्स रिंग रोड, एम्स, भीकाजी कॉमा प्लेस, मूलचंद अंडरपास, लाला लाजपत राय मार्ग, अरविंदो मार्ग, ग्रीन पार्क, अर्धचनी, एमबी रोड पर पुल प्रह्लादपुर, तिगड़ी, देवली गांव, पुल प्रह्लादपुर अंडरपास, मथुरा रोड, आश्रम चौक, आनंदमयी मार्ग, सरायकाले खां आदि जगहों पर जबरदस्त जाम था। एम्स समेत कई जगहों पर देर रात तक जाम की स्थिति रही। रिंग रोड पूरी तरह से जाम रहा। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना था कि मंगलवार को बारिश की वजह से ट्रैफिक भारी था। जाम जैसे हालात नहीं थे। एनडीएमसी के वीवीआइपी इलाके में जलभराव की समस्या इस मानसून में पहली बार देखने को मिली। प्रधानमंत्री निवास के आसपास भी पानी भरा दिखा, साथ ही शांतिपथ स्थित चाणक्यपुरी इलाके में कई दूतावास परिसर में भी पानी भर गया। महात्मा गांधी मार्ग, धौलाकुआं फ्लाईओवर, एम्स, मुखर्जी नगर, आईटीओ, लक्ष्मी नगर, कश्मीरी गेट, चाणक्यपुरी, कनॉट प्लेस, ओखला रोड, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, महरौली, जहांगीरपुरी समेत कई इलाकों में घुटने तक पानी देखने को मिला। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बारिश की वजह से देर रात तक आईएसबीटी से मुकरबा चौक तक भयंकर जाम था। तीन से चार किलोमीटर के रास्ते को पार करने के लिए दो घंटे से ज्यादा का समय लग रहा था। इसके अलावा पीरागढ़ी चौक, रोहिणी, मधुवन चौक, द्वारका अंडरपास, जेल रोड, धौला कुआं, नारायणा फ्लाईओवर से धौला कुआं तक, पंखा रोड और करोलबाग में काफी जाम था।

Related posts