बारिश से बंगाणा-चपलाह संपर्क मार्ग बंद

बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र में हुई भारी बरसात के चलते बंगाणा-चपलाह संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गया है। इसके कारण वहां से आने-जाने वालों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग बंद होने से स्कूली छात्रों तथा चपलाह के ग्रामीणों को आने जाने में दिक्कतें हो रही हैं। बारिश के दौरान स्कूली छात्रों को पैदल ही घर जाना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी रमेश कुमार, रमन कुमार, कमल देव, सुरेंद्र पाल, सुभाष चंद व बहादुर सिंह ने लोनिवि से मांग की है कि मार्ग पर पडे़ ल्हासों को जल्द हटाकर यातायात को सुचारू रूप से चलाया जाए। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता डीएस देहल ने बताया कि सड़क पर पड़े ल्हासों को हटाया जा रहा है और मार्ग सुचारू रूप से शुरू किया जा रहा है।
उधर, उपमंडल बंगाणा की थानाकलां पंचायत के गांव बौंछे में सोमवार को आसमानी बिजली ने जमकर कहर बरपाया। आसमानी बिजली गिरने से कुछ घरों में रखे इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण जल गए। उधर, ग्रामीणों ने बताया है कि थानाकलां डिवीजन में बिजली की सप्लाई अधिक होने की वजह से सतवीर सिंह, विपिन कुमार, मेहर सिंह, निर्मला देवी, किशोरी लाल व करतार चंद के घराें में लाखों रुपये के उपकरण और रमेश चंद के मकान की पूरी वायरिंग सहित अन्य उपकरण जल चुके हैं। थानाकलां विद्युत बोर्ड के एसडीओ ठाकुर जमीत सिंह का कहना है कि इस गांव की समस्या उनके ध्यान में आई थी। वह जेई सहित अपनी टीम लेकर उस स्थान पर गए थे, लेकिन उपरोक्त व्यक्तियों के घरों में जांच पड़ताल के बाद वहां पर वोल्टेज बढ़ने जैसी कोई समस्या सामने नहीं आई। वह तो आसमानी बिजली की ओर से बरपाया गया कहर था, जिसे ग्रामीण समझ नहीं पाए हैं। इन लोगों के लाइट मीटर बिल्कुल ठीक हैं। अचानक वोल्टेज बढ़ने से सब मीटर जल जाते, लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं है।

Related posts