
पतलीकूहल (कुल्लू)। ऊझी घाटी के पतलीकूहल-शिल्हा-हलाण मार्ग पर बारिश से शिल्हा नाले में आए उफान से लाखों का नुकसान हुआ है। बीती रात हुई बारिश के चलते इस मार्ग पर कई जगह से सड़क धंस गई है। शिल्हा के पास 20 मीटर सड़क का नामोनिशान मिट चुका है। सड़क बह जाने से यहां यातायात बुरी तरह से बाधित हुआ है। दोनों तरफ वाहन फंस गए हैं।
सड़क न होने से खंड विकास मुख्यालय पतलीकूहल पहुंचने में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं तुड़ान कर रखे सेब को मंडियों तक पहुंचाने में भी समस्याएं पेश आ रही हैं। नुकसान का जायजा लेने के लिए वन, पुलिस तथा बागवानी कर्मचारियों ने मौके का मुआयना किया। जानकारी के मुताबिक बारिश के बाद शिल्हा नाला में एकदम उफान आ गया। पानी शिल्हा के पास निर्माणधीन 24 मेगावाट के पावर प्रोजेक्ट में घुस गया। कंपनी के मैनेजर मनोज का कहना है कि पानी कई मशीनों को बहाकर ले गया है। इससे करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। हलाण-2 पंचायत के प्रधान राजीव ठाकुर का कहना है कि उन्होंने मौके का दौरा कर प्रशासन समेत संबंधित विभाग को घटना की जानकारी दी है। एसडीएम मनाली विनय धीमान का कहना है कि प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर जाकर नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
