
सिहुंता चंबा। ब्लॉक सिहुंता में बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग को लगभग 38 लाख 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पिछले रविवार को भारी बारिश के कारण शाहपुर-सिहुंता-चुवाड़ी मार्ग धंस गया है। इस कारण विभाग को लगभग पांच लाख दस हजार का नुकसान हुआ है। इसके अलावा समोट-बिन्ना मार्ग पर भारी भूस्खलन होने के कारण सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इस कारण विभाग को लगभग दो लाख 70 हजार रुपये की चपत लगी है। समोट-टिकरी मार्ग पर भूस्खलन होने से विभाग को 60 हजार रुपये का घाटा हुआ है। इसके अलावा द्रमणनाला-धुलारा व खरगट मार्ग पर भारी बारिश के कारण लेंड स्लाइडिंग हो गई है। इससे पीडब्ल्यूडी को दो लाख का नुकसान उठाना पड़ रहा है। थुलेल-गोला मार्ग पर रिटेनिंग बाल गिर गई है। इसके साथ ही जगह-जगह सड़क पर भूस्खलन हो गया है। इससे विभाग को तीन लाख 40 हजार की चपत लगी है। मोतला-थकोली सड़क बारिश के चलते पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे विभाग को तीन लाख का नुकसान हुआ है। कुल मिलाकर विभाग को दो अगस्त को हुई बारिश से 16 लाख 80 हजार का घाटा हुआ है। इसके बाद पांच अगस्त को हुई बारिश के कारण सिहुंता-जोलना-कोटला सड़क पर रिटेनिंग बाल गिर गई है। इससे विभाग को 21 लाख 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अशोक कोंडल ने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा इसमें से कुछ सड़कों को यातायात के लिए खोल दिया गया है।
