
कुल्लू। भारी बारिश से औट-लुहरी मार्ग पर करीब आठ घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही। बुधवार सुबह हुई भारी बारिश से सड़क पर जगह-जगह ल्हासे गिर गए। इस कारण मार्ग बंद हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं जिससे सैकड़ों लोगों को परेशानी भी झेलनी पड़ी। हालांकि बीच-बीच में छोटे वाहन चलते भी रहे। लेकिन कुल्लू-रामपुर-आनी तथा कुल्लू की ओर आने वाली सरकारी तथा निजी बसें समय पर आरपार नहीं हो सकीं। सुबह छह बजे बंद हुआ मार्ग दोपहर करीब दो बजे बहाल हुआ। वहीं जिले में भारी बारिश से कई जगह खेतों में खड़ी नकदी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
ऐसे में सवारियों को छोटे वाहनों में ही अपने गंतव्य की ओर जाना पड़ा। जलोड़ी दर्रा के साथ सटे माशनूनाला के पास पहाड़ी धंसने से औट-लुहरी मार्ग पर यातायात बाधित हो जाने से लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। मार्ग के बंद रहने की सूचना मिलते ही लोनिवि आनी ने तुरंत मौके पर 40 मजदूर तथा जेसीबी मशीनरी भेजी। मजदूरों ने दोपहर करीब दो बजे तक मार्ग को वाहनों के लिए खोल दिया।
लोनिवि आनी के अतिरिक्त सहायक अभियंता एमडी अकेला ने बताया कि बुधवार सुबह हुई भारी बारिश से औट-लुहरी मार्ग माशनूनाला के पास पहाड़ी धंसने से अवरुद्ध हो गया था। बाद में विभाग ने इसे बहाल कर दिया था। बारिश से ब्यास नदी भी उफान पर है। जलस्तर बढ़ने से जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने को कहा है।
नुकसान का जल्द होगा आकलन : डीसी
डीसी राकेश कंवर ने कहा कि बारिश से कुछ मार्गों पर भूस्खलन से बस सेवा बंद रहने से यातायात प्रभावित हुआ है। कई क्षेत्रों में भूस्खलन से खेतों में खड़ी नकदी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। इसका आकलन कर जल्द ही नुकसान की रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
यह मार्ग अभी भी पड़े हैं बंद
कुल्लू। पांच घंटे जारी रही बारिश से लोनिवि को सबसे अधिक चपत लगी है। औट-लुहरी मुख्य मार्ग जहां करीब आठ घंटे तक बड़े वाहनों के लिए बंद रहा वहीं बंजार-जौरी, बंजार-छतरी, बंजार-चनौन, बंजार-पेखडी, बंजार-खनी, आनी-करशालाबाग, आनी-नावीधार, बागीपुल-बागासराहन तथा बागीपुल-जांओं आदि संपर्क मार्गों पर यातायात प्रभावित चल रहा है।
