
कुल्लू। जिला में शनिवार को दिन भर होती रही हल्की बारिश से नदी-नालों का जल स्तर बढ़ गया है। बारिश के कारण जिला में बहने वाली ब्यास नदी के जलस्तर में भी इजाफा हुआ है। मौसम विभाग से मिली बारिश की चेतावनी के कारण जिला प्रशासन ने कुल्लू में भी अलर्ट जारी कर रखा है।
प्रशासन ने नदी नालों के पास रहने वाले लोगों को चौकन्ना रहने की सलाह दी है। बरसात के दिनों में ब्यास नदी पचलान से लेकर औट तक कई बार तबाही मचा चुकी हैं। प्रशासन ने नदी नालों के पास रहने वाले लोगों को चौकन्ना रहने को कहा है। बारिश के कारण शनिवार को पार्वती और ब्यास नदी के जल स्तर में वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि अभी तक खतरे की कोई बात नहीं है। कुल्लू जिला में बरसात के शुरू में भी न्यूल और करजां में बादल फटने जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। डीसी राकेश कंवर का कहना है कि बारिश के चलते जिला में अलर्ट घोषित किया है। बारिश के कारण जिला में किसी भी तरह के नुकसान की सुचना नहीं है।
