
नई दिल्ली। दक्षिण जिले के सफदरजंग एंकलेव में बारिश में करंट लगने से एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माता की मौत हो गई। वह परिवार के साथ बैंक गए थे। दूसरी घटना में, नेबसराय थाना इलाके में करंट ने एक युवक को लील लिया। तीसरी घटना में बारिश के चलते दीवार गिरने से एक शख्स घायल हो गया। ट्रामा सेंटर में भर्ती शख्स की हालत गंभीर बनी हुई है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार साकेत के जी-ब्लाक में रहने वाले आनंद भास्कर (33) शनिवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे परिवार के साथ ग्रीन पार्क स्थित बैंक ऑफ इंडिया में गए थे। वह नैनो कार से ग्रीन पार्क पहुंचे थे। कार उन्होंने बैंक के पास पार्क कर दी थी। पत्नी कार में बैठी रही और वह बैंक में चले गए। कुछ देर बाद वह बैंक से वापस आए और मार्केट के लोहे के गेट को कार निकालने के लिए खोलने लगे। जैसे ही उन्होंने गेट को टच किया, उन्हें करंट लग गया। वह बेहोश होकर नीचे गिर गए। उन्हें ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सफदरजंग एंकलेव थाना पुलिस ने लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्जकर तफ्तीश शुरू कर दी है। आनंद भास्कर डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाते थे। उनकी पत्नी आर्कियोलॉजी सर्वे ऑफ इंडिया में ऊंचे पद पर काम करती है।
नेब सराय थाना इलाके में शान मोहम्मद उर्फ सोनू (25) सी-ब्लाक, जवाहर पार्क में रहता था। बारिश का पानी उसके घर में लगे इंनवेटर में आने लगा। शान मोहम्मद ने इंनवेटर को उठाकर दूसरी जगह रख दिया और जब वह प्लग को लगाने लगा तो उसे करंट लग गया। उसे साकेत सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीसरी घटना में सफदरजंग एंकलेव में निर्माणाधीन बिल्डिंग के बेसमेंट में काम हो रहा था। बेसमेंट में बारिश का पानी घुसने से दीवार गिर गई। दीवार की कई ईंटें मजदूर अनिल के ऊपर गिर गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सफदरजंग एंकलेव थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
