बादल सिख किसानों के मुद्दे पर मोदी को मनाने विफल

संगरूर: पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा है कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल गुजरात के सिख किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को मनाने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी कच्छ क्षेत्र में सिख किसानों को उजाड रहे हैं। उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने किसानों की मोदी से मुलाकात कराने तथा उच्च न्यायालय के आदेशों के खिलाफ दायर एस.एल.पी को वापस लेने के लिये उन्हें मनाने का भरोसा दिया था।

अदालत ने किसानों को अपनी जमीन बेचने संबंधी आदेशों को रद्द कर दिया था। बाजवा ने आज यहां पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि पंजाब में अकाली दल-भाजपा गठबंधन की सरकार है। बादल ने किसानों को भाजपा नेताओं से मिलवाने का आश्वासन भी दिया था। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि बादल यह अहम मसला भी हल नहीं करवा सके। अपने बिजनेस हितों के चलते बादल में भाजपा पर दबाव बनाने की हिम्मत नहीं है। कांग्रेस ने भाजपा के अल्पसंख्यक विरोधी एजेंडे के खिलाफ आवाज उठाई है। बाजवा ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा गयी है तथा भ्रष्टाचार चरम पर है। केन्द्र सरकार पंजाब सरकार को आधारभूत ढांचा के निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा सुविधाओं के लिये सहायता दे रही है। ग्रामीण विकास फडों की अनियमितता तथा शिक्षा विभाग में किताब घोटाले और सेहत विभाग में दवा घोटाले के लिए केन्द्र जिम्मेदार नहीं है। उन्होंने कहा कि बादल को शराब व्यापार, अवैध खनन तथा परिवहन पर एकाधिकार को लेकर अपने पारिवारिक हितों पर स्पष्टीकरण देना चाहिए। जनता ने सत्तारूढ परिवार के हित पूरे करने के लिये अकाली-भाजपा सरकार को चुनकर नहीं भेजा।

Related posts