
बजौरा (कुल्लू)। बादल फटने के बाद उभरे तबाही के मंजर का आकलन शुरू हो चुका है। कुल्लू की न्यूल पंचायत के छोटी कंडी और मंडी के रोपा में करीब तीन करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। राजस्व विभाग के अनुसार बादल फटने से करीब 50 बीघा भूमि में फसलें तबाह हो चुकी हैं। इस भूमि में सेब, पलम और अनार के सैकड़ों पौधे नष्ट हो गए हैं। इसके अलावा खेतों में गोभी और टमाटर की फसल भी तबाह हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार छोटी कंडी में बाढ़ से नाथू राम, दयाल सिंह, लालमन और रिंकू के मकानों को क्षति पहुंची है। इसके अलावा कई घरों में पानी घुसने से नुकसान भी हुआ है। मंडी जिले में भी विशाल और मिंटू के घर को भी क्षति पहुंची है। इसके अलावा करीब 7 घरों में भी पानी घुसने से नुकसान हुआ है। मंडी जिले के रोपा में करीब ढाई बीघा भूमि को क्षति पहुंची है। इसके अलावा सेब के 20, पलम के 15 और अनार के 30 पेड़ क्षतिग्रस्त हुए हैं। न्यूल पंचायत की प्रधान चैतन्या ठाकुर और उपप्रधान बैली राम ने बताया कि बादल फटने से उनकी पंचायत में करोड़ों का नुकसान हुआ है। नाले में लगाई गई करीब 20 क्रेटवाल भी पूरी तरह से टूट गई हैं। क्रेटवाल को लगाने का काम चल रहा है।
कुल्लू के तहसीलदार एसपी जसवाल ने बताया कि उन्होंने मौके का दौरा कर बजौरा सर्किल के पटवारी श्यामचंद को नुकसान का करने को कहा है। हादसे में करीब तीन करोड़ के नुकसान का अनुमान है।
