बादल आए पर बरसे नहीं, फिर बढ़ी गर्मी

नोएडा। शहर में पिछले दो दिनों से बादल उमड़-घुमड़ रहे हैं। इस दौरान थोड़ी देर के लिए मौसम सुहावना होता रहा, फिर तेज धूप ने गर्मी बढ़ा दी। बुधवार को भी शहर पर बादल छाए, मगर बरसे नहीं और अधिकतम पारा 24 घंटों में 8 डिग्री सेल्सियस चढ़कर 40 डिग्री के पास पहुंच गया। वहीं, पूर्वी हवाओं के चलते उमस ने खूब परेशान किया।
राष्ट्रीय मध्यम अवधि मौसम पूर्वानुमान केंद्र के मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में मानसून दबाव की स्थिति में आ गया है। इस वजह से मानसून तेजी से पूर्वोत्तर राज्यों से होते हुए आगे बढ़ेगा। अनुमान के मुताबिक, मानसून दिल्ली-एनसीआर में समय से चार से पांच दिन पहले ही आ सकता है। वहीं, अगले दो से तीन दिनों में मानसून के बनारस तक पहुंचने के आसार हैं। दूसरी तरफ, बुधवार को बादलों की आवाजाही के बीच तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इस दौरान अधिकतम नमी 72 फीसदी दर्ज की गई। इससे पूरे दिन जबरदस्त उमस रही और लोग गर्मी से पसीना-पसीना होते रहे। इस दौरान न्यूनतम नमी 62 फीसदी और न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों तक बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। इस दौरान कहीं-कहीं लोकल सिस्टम बनने से मौसम बिगड़ भी सकता है।

Related posts