बाथरी में आल्टो खाई में गिरी, एक की मौत

नैनीखड्ड (चंबा)। बाथरी के पास एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इससे एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। इनमें एक की गंभीर हालत में रावी अस्पताल पठानकोट में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आल्टो कार नंबर पीबी 58 बी 9700 बाथरी से पठानकोट जा रही थी। इसमें एक ही परिवार के तीन लोग सवार थे। कार को सुमित निवासी बाथरी (25)चला रहा था। इनके साथ इनके पिता मनोहर लाल (60) और भाई मोहित कुमार (28)भी बैठे थे। यह हादसा मंगलवार रात 9 बजकर 35 मिनट पर हुआ। बताया जा रहा है कि अल्टो अनियंत्रित हो गई। चालक ने कार को रोकने की कोशिश की गई, मगर यह बेकाबू होकर 150 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इससे गाड़ी में सवार तीनों लोग घायल हो गए। सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों ने गाड़ी को गिरा देख पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों ने घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर ककीरा स्थित अस्पताल में पहुंचाया। जहां से तीनों को उपचार के लिए रावी अस्पताल पठानकोट रेफर कर दिया गया। वहां पर घायल मनोहर लाल ने दम तोड़ दिया। मनोहर के दोनों बेटों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मनोहर लाल के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। इसकी पुष्टि एसपी बृज मोहन शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि कार दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए थे। इसमें एक की रावी अस्पताल पठानकोट में मौत हो गई।

Related posts