
पलचान (मनाली)। कुल्लू-मनाली हाइवे पर वामतट के पास करजां नाले का पानी सड़क पर आने से दो घंटे तक यातायात ठप रहा। लोगों के मुताबिक बुधवार सुबह भारी बारिश के बाद करजां नाला एकदम उफान पर आ गया। इससे पानी मलबे के साथ सड़क पर बहने लगा। तेज बारिश से नाले में आई बाढ़ का पानी क्षेत्र के तीन घरों में जा घुसा। इसमें लाखों के नुकसान का अनुमान है। बुधवार सुबह छह बजे भारी बारिश से नाले में आई बाढ़ से ग्रामीणों में अफरातफरी मची रही। नाले में जब बाढ़ आई उस वक्त करजां गांव के ग्रामीण सोए थे। ग्रामीण हरनाम, संजय और ओम प्रकाश ने बताया कि सुबह 6 बजे जोर की आवाज सुनाई दी। नाले में आई बाढ़ को देखकर ग्रामीण डर के चलते अपने घरों से बाहर निकल आए। नाले का मलबा काफी ऊपर तक आने से स्कूल की दीवार तक जा पहुंचा। हालांकि स्कूल और गांव को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है तथा सभी ग्रामीण सुरक्षित हैं। सड़क पर मलबा आने से बाधित हुए मनाली-नग्गर मार्ग को लोनिवि ने बहाल कर दिया।
एसडीएओ विनोद आनंद ने बताया कि जैसे ही विभाग को हाइवे बंद होने की सूचना मिली, विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर मार्ग को बहाल करवा दिया था। एसडीएम विनय धीमान ने बताया कि बारिश से करजां नाले का जलस्तर बढ़ गया था। इसमें कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
