बाजार में सुस्ती, सैंसेक्स-निफ्टी गिरे

बाजार में सुस्ती, सैंसेक्स-निफ्टी गिरे

नई दिल्लीः आज बाजार सुस्ती के मूड में नजर आ रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से मिले कमजोर संकेतों का असर बाजार पर देखने को मिल रहा है। वहीं रुपए में आई जोरदार गिरावट से भी बाजार पर दबाव बना है। हालांकि दिग्गज शेयरों की सुस्ती के बीच मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में थोड़ी खरीदारी जरूर नजर आ रही है।

दरअसल मेटल, आई.टी. और बैंकिंग शेयरों में आई बिकवाली से बाजार सुस्ताए हैं। लेकिन पावर, ऑटो, फार्मा और एफ.एम.सी.जी. शेयरों में हल्की खरीदारी देखने को मिल रही है।

फिलहाल बी.एस.ई. का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडैक्स सैंसेक्स 50 अंक यानि 0.2 फीसदी गिरकर 27270 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं एन.एस.ई. का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडैक्स निफ्टी 17 अंक यानि 0.2 फीसदी की कमजोरी के साथ 8156.7 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

दिग्गज शेयरों में जे.एस.पी.एल., डी.एल.एफ., सेसा स्टरलाइट, हिंडाल्को, इंफोसिस, आई.सी.आई.सी.आई. बैंक और टाटा स्टील में सबसे ज्यादा 2.1-0.6 फीसदी की गिरावट आई है। हालांकि पावर ग्रिड, सिप्ला, एच.यू.एल., बी.पी.सी.एल., अल्ट्राटेक सीमेंट, टी.सी.एस., एन.टी.पी.सी. और टाटा पावर जैसे दिग्गज शेयर 1.3-0.3 फीसदी तक चढ़े हैं।

मिडकैप शेयरों में भूषण स्टील, फिनिक्स मिल्स, रेडिंग्टन, पुंज लॉयड और वा टेक वाबग सबसे ज्यादा 5-2.6 फीसदी तक उछले हैं। स्मॉलकैप शेयरों में ब्लिस जी.वी.एस., किर्लोस्तर इन्वेस्टमेंट, इंडिया ग्लायकोल्स, विसागर पॉलिटेक्स और धनसेरी पेट्रो सबसे ज्यादा 16-5.4 फीसदी तक मजबूत हुए हैं।

Related posts