बाजार में मजनूं की छित्तर परेड

अंब (ऊना)। स्थानीय बाजार में दुकानदारों ने एक मजनूं की छित्तर परेड कर डाली। यह युवक एक युवती से छेड़छाड़ कर रहा था। युवती ने भरे बाजार में युवक को थप्पड़ जड़े। बाजार में खड़ी अन्य महिलाओं ने युवक की खूब छित्तर परेड की। इस बात को लेकर बाजार में खासा हंगामा हो गया। बाद में युवक ने भविष्य में ऐसी हरकतें न करने की कसम खाई। उसने युवती से माफी मांगकर किसी तरह अपनी जान छुड़ाई।
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे बाजार में एक युवक बार बार एक युवती को परेशान कर रहा था। युवती ने उसे वहां से चले जाने को कहा। इसके बावजूद युवक उसका पीछा करते हुए उसे परेशान कर रहा था। उधर, स्थानीय दुकानदार भी आशिक मिजाज युवक की हरकतों को देख रहे थे। पहले तो कुछ लोगों ने यह समझा कि शायद उक्त युवक युवती क ी जान-पहचान वाला हो। लेकिन युवती ने उसे गालियां दीं और बीच बाजार में युवक को थप्पड़ जड़ दिया। माहौल बिगड़ता देख युवक ने भी इस युवती पर हाथ उठाने की कोशिश की लेकिन तब तक दुकानदारों ने उसे दबोच लिया। फिर बाजार में अन्य महिलाएं भी युवक पर जूते बरसाने से पीछे नहीं हटीं। उधर, स्थानीय दुकानदारों में महेंद्र सिंह, रमेश, सुरेंद्र, कमल कुमार, राजीव, महिला निर्मला देवी, सरोज शर्मा, वनिता ठाकुर, मनसा देवी, नीलम आदि ने कहा कि ऐसे लोगों के साथ ऐसा ही होना चाहिए। अंब के थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि इस घटना को लेकर सूचना मिली थी। पुलिस भी मौके पर गई थी। उन्होंने कहा कि युवक को युवती तथा अन्य महिलाओं सेे माफी मांगने के पश्चात लोगों के कहने पर छोड़ दिया गया।

Related posts