
नई दिल्ली। ईद की खरीदारी को लेकर राजधानी के बाजारों में बुधवार शाम खूब रौनक रही। जामा मस्जिद, सीलमपुर, निजामुद्दीन और जामिया नगर के तमाम बाजार गुलजार रहे। बच्चे अपने परिजनों के साथ बाजार में काफी उत्साहित दिखाई दिए। जगह-जगह पर लोग टोपी, कुर्ते, सेवईयां और ड्राईफ्रूट खरीदते दिखे। सभी लोग बेसब्री से चांद दिखने का इंतजार कर रहे हैं। चांद दिखने के बाद शुक्रवार या शनिवार को ईद मनाई जाएगी।
जामा मस्जिद इलाके के बाजार तो पिछले एक माह से गुलजार हैं। पूरे रमजान राजधानी और दिल्ली-एनसीआर के रहने वाले लोग यहां के बाजारों में खरीदारी करने आते रहे। बुधवार को अन्य दिनों के मुकाबले बाजार में खासी भीड़ रही। जामा मस्जिद से लेकर तिराह बैहरमखां तक बस खरीदार ही दिखाई दे रहे थे। यहां के दुकानदारों की मानें तो, इस साल बाजारों में पाकिस्तानी स्टाइल के पठानी सूट व पेशावरी चप्पल की खूब मांग रही है।
चितली कबर इलाके में अपनी मम्मी संग खरीदारी करने आए 12 वर्षीय खुर्रम ने बताया कि, उसने पठानी सूट तो खरीद लिया है आज पेशावरी चप्पल खरीदने आए हैं। वहीं जामा मस्जिद इलाके के सुंईवालान इलाके में मौजूद बुजुर्ग हाजी सलीम ने बताया कि, हर किसी की ख्वाहिश होती है कि वह नए कपड़े पहनकर ईद की नमाज अदा करे। इसलिए हर कोई नया कुर्ता-पजामा, टोपी और चप्पल खरीदता है। रोजा इफ्तार के बाद खरीदारी करने आए लोगों ने जामा मस्जिद पर पकवानों का भी मजा लिया। देर शाम तक लोग ईद की खरीदारी में मशगूल रहे।
