बागवान की मांग, सेब की खुली बोली लगे

जुब्बल (शिमला)। हिमाचल प्रदेश सेब उत्पादक संघ ने बैठक में आढ़तियों की मनमानी के खिलाफ मंथन किया। इस दौरान प्रस्ताव पारित कर प्रशासन को भेजे ज्ञापन में कार्रवाई की मांग भी की गई है। बैठक की अध्यक्षता जुब्बल इकाई के महामंत्री इंद्र सिंह पिर्टा ने की।
उन्होंने बताया कि मंडी में सेब की पेटियों पर 20 प्रतिशत की कटौती का निर्णय आढ़तियों द्वारा लेने के बाद मंडी में सेब के भाव में गिरावट नजर आ रही है। आढ़ती और खरीदारों के बीच सांठगांठ के चलते बागवानों को नुकसान हो रहा है। उन्होेंने मांग की है कि सेब की खुली बोली करवाई जाए। गोपनीय बोली लगाने वाले आढ़ती के खिलाफ शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाए। मंडी में बागवानों से सेब की प्रति पेटी मजदूरी निर्धारित की जाए। मंडी में मजदूरी के नाम पर आढ़ती बागवानों से अलग अलग वसूली कर रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि बागवानों के सेब की बिक्री के बाद भुगतान का समय तय किया जाए। यदि समय पर भुगतान नहीं होता है तो सरकार आढ़तियों की बैंक गारंटी तय करे। तय समय पर बागवानों का भुगतान न करने पर आढ़तियों की पेनल्टी तय की जाए। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रशासन विपणन बोर्ड, सेब उत्पादक संघ व बागवानों को विश्वास में लेकर ही हर निर्णय लिए जाएं। इकाई महामंत्री इंद्र सिंह पिर्टा ने बताया कि बैठक में जुब्बल क्षेत्र के करीब सौ बागवानों ने भाग लिया है। उन्होेंने बैठक में प्रस्ताव पारित कर डीसी, एसडीएम व प्रदेश विपणन बोर्ड को भेजे हैं। उन्होंने कहा यदि पहल नहीं होती है तो संघ को अगला कदम उठाना पड़ेगा।

Related posts