
ऊना। क्षेत्र के जलग्रां टब्बा में सोमवार को पेश आए सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से एक को नाजुक हालत के चलते पीजीआई रेफर कर दिया गया है। हादसा बाइक और स्कूटर में भिड़ंत होने के चलते पेश आया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर लिया है, जबकि मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नीलकंठ सिंह पुत्र गुरदास सिंह निवासी रायेपुर सहोड़ां अपने स्कूटर पर ऊना की ओर आ रहे थे। इसी दौरान ऊना से मैहतपुर की ओर जा रहे बाइक सवार युवकों के साथ स्कूटर की भिड़ंत हो गई। हादसे में नीलकंठ सिंह के अतिरिक्त दोनों बाइक सवार निखिल पुत्र जिया लाल निवासी बसदेहड़ा और सजल शर्मा पुत्र शिव कुमार निवासी बहडाला भी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां से नीलकंठ सिंह की बिगड़ती हालत के चलते उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआई रेफर कर दिया गया है। उधर,यातायात पुलिस प्रभारी मनजीत ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ केस दर्ज कर लिया है। घटना की छानबीन की जा रही है।
