
बडूही/सोहारी (ऊना)। क्षेत्र के चौकीमन्यार के पास हुई सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे घायलावस्था में क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना भेज दिए हैं। पुलिस ने मौका ए वारदात पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि युवक चौकीमन्यार में अपने रिश्तेदार के घर आए हुए थे और रात को किसी काम से बाहर घूमने चले गए। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय नरेंद्र उर्फ सन्नी पुत्र कुलदीप चंद निवासी नंगल जिला कांगड़ा, 22 वर्षीय सुमित कुमार पुत्र नंद किशोर गांव डंगोह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात नरेंद्र कुमार निवासी नंगल अपनी बाइक पर अन्य दो साथियों के साथ बडूही जा रहे थे। इसी दौरान कुछ दूरी पर गांव टपा के पास अचानक बाइक स्किड हो गई और तीनों बाइक सवार गिर गए। तीनों को स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने नरेंद्र और सुमित को मृतक घोषित कर दिया। जबकि हादसे में चौकी खास निवासी 18 वर्षीय अरुण कुमार पुत्र इंद्र की टांग में फ्रेक्चर आया। उधर बंगाणा थाना एसएचओ महेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बंगाणा के एसडीएम मनोहर लाल ने मृतकों के परिजनों को दस-दस हजार और घायल के परिजनों को पांच हजार की फौरी राहत दी गई है।
