बाइक से टकराई नील गाय, महिला की मौत

दुलैहड़ (ऊना)। क्षेत्र के अमराली में बाइक से नील गाय टकराने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि हादसे में मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर ऊना अस्पताल भेज दिया है। जबकि मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बीटन निवासी राकेश कुमार अपनी चाची मीना देवी के साथ मोटरसाइकिल पर टाहलीवाल से अपने घर बीटन की ओर जा रहा था। इसी दौरान अमराली के पास पहुंचने पर अचानक एक नील गाय बाइक से टकरा गई। हादसे में मीना देवी की मौके पर मौत हो गई। जबकि बाइक चालक राकेश गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिला में नील गायों की बढ़ती तादाद से सड़क हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है।

Related posts