
लठियाणी (ऊना)। कौसरियां गांव में बुधवार देर रात दुकान बंद कर घर लौट रहे दुकानदार पर तेंदुए ने हमला कर उसे घायल कर दिया। चलती बाइक पर तेंदुए के झपटने से कारोबारी नीचे गिर पड़ा, जिससे उसे काफी चोटें लगी हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे क्षेत्र के निजी चिकित्सालय में उपचार दिलवाया गया। तेंदुए के इस प्रकार हमला करने से क्षेत्र के लोगों में भय बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से इस खौफ से निजात दिलाने की मांग की है। पिछले दिनों इसी क्षेत्र के एक घर में घुस आए तेंदुए को लोगों ने मार गिराया था। जिसके बाद यह दूसरी घटना है।
जानकारी के मुताबिक सुरेश कुमार पुत्र धर्म सिंह निवासी धरेत कोहडरा तहसील बंगाणा बुधवार रात रोजमर्रा की तरह अपनी दुकान बंद कर कौसरियां से वापस घर आ रहा था। रास्ते में डोहक नामक स्थान पर घात लगाकर बैठा तेंदुआ उस पर झपट पड़ा। तेंदुए से बचने के चक्कर में सुरेश की बाइक भी सड़क किनारे पहाड़ी से जा टकराई। हालांकि, घटना के दौरान सुरेश कुमार तेंदुए के चंगुल से तो बच गया, लेकिन बाइक गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। क्षेत्र के लोगों में राम किशन, सुरेंद्र सिंह, सरिता शर्मा, रवीना रानी, जोगिंद्र पाल, देवदास का कहना है कि वन विभाग को लोगों की तेंदुओं से सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने चाहिए। उधर, वन विभाग के आरओ राजन शर्मा का कहना है कि मामला उनके ध्यान में नहीं लाया गया है, यदि ऐसी घटना हुई है तो उस पर जल्द उचित कदम उठाया जाएगा।
