
डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। एनएच-88 पर तीन बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में बस सड़क के किनारे खेतों में लुढ़क गई है। हादसे में करीब आधा दर्जन सवारियों को चोटें आई हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचा दिया गया है।
एक निजी बस हमीरपुर से भोटा जा रही थी। विपरीत दिशा से एक बाइक चालक आ रहा था। जो सड़क के किनारे रुक गया। इतने में पीछे से दो महिला पुलिसकर्मी स्कूटी लेकर आई और अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई। इससे बाइक सवार और दोनों महिला पुलिसकर्मी सड़क पर गिर गए। विपरीत दिशा से जा रही बस के चालक ने सड़क पर गिरे बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में बस को सड़क के नीचे उतार दिया। बस अनियंत्रित होकर खेतों में लुढ़क गई। हालांकि बस का करीब 15-20 हजार रुपए का नुकसान हुआ है लेकिन बस चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया है। बस चालक का कहना है कि तीनों बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में हादसा हुआ है। अगर बस को सड़क से नीचे नहीं उतारता तो तीनों बाइक सवार बस की चपेट में आ जाते। उधर, पुलिस अधीक्षक जगतराम का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर रवाना हो गई है।
