
नई दिल्ली। राजधानी में बाइकर्स ने सोमवार रात जमकर काननू की धज्जियां उड़ाईं। आधी रात को इंडिया गेट और उसके आसपास हंगामे, हूटिंग, पुलिस पर पथराव से अफरातफरी और लाठीचार्ज का माहौल रहा। काफी तादाद में बाइकर्स ने करीब चार घंटे तक कई सड़कों पर कब्जा जमाए रखा। इससे इंडिया गेट समेत आसपास के इलाकों में जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, शास्त्री पार्क इलाके में बाइकर्स ने एक कार को आग के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, इंडिया गेट व आसपास के इलाकों में रात साढ़े 11 बजे से बाइकर्स जुटना शुरू हुए थे। आधी रात होते-होते काफी तादाद में बाइकर्स इंडिया गेट पहुंच गए। हालांकि, पुलिस ने इंडिया गेट जाने वाले रास्तों पर बैरीकेडिंग्स कर दी थी, लेकिन हुड़दंगी इंडिया गेट तक पहुंच गए। वहां उन्होंने खतरनाक स्टंट करते हुए चिल्लाना शुरू कर दिया। इन लोगों ने वहां से गुजर रहे लोगों और महिलाओं से बदसलूकी भी की। बाइकर्स का यह हुड़दंग मंगलवार तड़के करीब चार बजे तक चला।
पुलिस कमिश्नर ने भी की गश्त
बाइकर्स की संख्या को देखते हुए वहां तैनात पुलिसकर्मी बहुत कम थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिसबल को बुलाया गया। ज्यादातर जगहों पर बाइकर्स आगे भाग रहे थे और पुलिस उनके पीछे। नई दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त एसबीएस त्यागी समेत आला पुलिस अधिकारी गश्त पर आ गए। दिल्ली पुलिस आयुक्त नीरज कुमार ने भी रात को गश्त की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बाइकर्स ने नई दिल्ली के अलावा कई जगहों पर हुड़दंग किया।
बाइक फिसलने से एक की मौत, दो घायल
राजघाट बस स्टॉप के पास स्टंट कर रहे युवक की बाइक फिसलने से मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मरने वाले युवक के खिलाफ ही लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर लिया है। लोनी गाजियाबाद निवासी कालू (35) सोमवार रात दो दोस्तों अकबर और अफजल के साथ जामा मस्जिद के लिए निकला। बाइक को कालू चला रहा था। नाई का दुकान चलाने वाले अकबर के मुताबिक, लोनी गाजियाबाद से ही कालू बाइक को काफी तेज रफ्तार से चला रहा था। रात करीब साढ़े बारह बजे तीनों रिंग रोड पर पहुंचे। जहां अन्य बाइकर्स और कार सवार स्टंट कर रहे थे। जिन्हें देखकर कालू भी स्टंटबाजी करने लगा। राजघाट बस स्टॉप के पास उसकी बाइक फिसल गई, जिससे तीनों जख्मी हो गए। अकबर और अफजल ने कालू को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मानसिंह क्रॉसिंग पर पुलिस पर किया हमला
दक्षिणी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने बाइकर्स को खदेड़ने का प्रयास किया तो इंडिया गेट के पास मानसिंह रोड क्रॉसिंग पर तैनात पुलिसकर्मियों पर उन्होंने पथराव कर दिया। इसमें सीपी रिजर्व पुलिसबल के दो पुलिसकर्मी अजीत और सतेंद्र समेत एक राहगीर घायल हो गया। पथराव व पुलिसकर्मियों के घायल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने बाइकर्स पर लाठीचार्ज किया।
पुलिस ने 88 बाइकें जब्त की
नई दिल्ली जिले के उपायुक्त एसबीएस त्यागी ने बताया कि पुलिस ने 88 बाइकें जब्त की हैं। सबसे ज्यादा बाइकें तिलक मार्ग थाना पुलिस ने जब्त की हैं। इनमें 83 बाइक लावारिस थी और पांच गिरफ्तार लोगों के कब्जे से बरामद की गई हैं। पुलिस ने बाइक के अलावा कार और जीप भी जब्त की हैं।
चार लोग गिरफ्तार
नई दिल्ली जिला उपायुक्त ने बताया कि तिलक मार्ग थाना पुलिस ने चार बाइकर्स मो. फुरकान, आस मोहम्मद, अलीम उर्फ अनीस और मो. अबरार को गिरफ्तार किया है। एक बाइकर घायल भी हुआ है और वह अस्पताल में भर्ती है। उसे अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। हालांकि, दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा (लॉ एंड ऑर्डर) ने गिरफ्तार लोगों की संख्या 11 बताई है।
