बांग्लादेश में हिंसा, एक व्यक्ति की मौत, 10 घायल

बांग्लादेश में हिंसा, एक व्यक्ति की मौत, 10 घायल

ढाका: बांग्लादेश में कट्टरपंथी जमात ए इस्लामी पार्टी की 48 घंटे की राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल के आज दूसरे दिन भी राजधानी ढाका में हिंसा जारी रही, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। जमात ए इस्लामी पार्टी ने खुद को चुनाव लडऩे से प्रतिबंधित करने वाले अदालत के एक फैसले के खिलाफ आम हड़ताल का आह्वान किया है।

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जमात की छात्र शाखा के कार्यकर्ता की मौत हो गई और टीवी पत्रकार सहित कई लोग उस हिंसा में घायल हो गए जो राजधानी के जतराबाड़ी इलाके में भड़की। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने झड़प के बाद संवाददाताओं को बताया, ‘हमने एक युवक को सड़क पर पड़ा पाया, हालांकि जमात की छात्र शाखा शिबिर के कार्यकर्ता घटनास्थल से भाग गए थे। हम उसे मिटफोर्ड अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने कहा कि उसकी मौत हो चुकी है।’

गौरतलब है कि जमात ने 1971 के मुक्ति संग्राम के दौरान बांग्लादेश की आजादी का विरोध किया था। टीवी चैनलों ने देश के अन्य इलाकों में हिंसा की छिट पुट घटनाएं होने की खबरें दी हैं। पश्चिमी मेहरपुर में कल जमात कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प होने पर 10 पुलिसकर्मी सहित कम से कम 20 लोग घायल हो गए थे। मीडिया की खबरों में बताया गया है कि कल करीब 15 वाहन, 16 मकान और चार दुकानें आग के हवाले कर दी गई। देशी बम से 48 धमाके किए गए और देश भर में 70 लोग घायल हुए।

पुलिस द्वारा 60 से अधिक जमात कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने पर यह घटना हुई। पुलिस ने ढाका की सड़कों पर गश्त की वहीं बंद के चलते सड़कों से वाहन नदारद रहे और स्कूल तथा बाजार बंद रहे। एक अगस्त को बांग्लादेश हाईकोर्ट ने जमात के भविष्य में चुनाव लडऩे पर पाबंदी लगा दी थी जिससे एक समय काफी मजबूत स्थिति में रही इस कट्टरपंथी पार्टी के भविष्य पर ग्रहण लग गया।

Related posts