
नग्गर (कुल्लू)। अंतरराष्ट्रीय रोरिक मेमोरियल ट्रस्ट नग्गर में मंगलवार को प्रदर्शनी हाल में जिले के उभरते चित्रकार प्रशांत ठाकुर के छाया चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष हरि चंद शर्मा ने किया। कल्चर ऑफ कुल्लू वैली विषय पर आधारित प्रदर्शनी में घाटी के प्राकृतिक सौंदर्य और संस्कृति को प्रदर्शित किया है। छाया चित्रों में सिल्वर माउंटेन, देवी देवता के चित्रों के अलावा वाटर फ्लाई ऑन डेजी फ्लावर सहित 45 चित्र प्रदर्शनी में रखे हैं। कलाकार प्रशांत ठाकुर ने बताया कि यह प्रदर्शनी उनकी पहली प्रदर्शनी है। रौरिक ट्रस्ट से इस प्रदर्शनी को लगाने में काफी सहयोग मिला है। रौरिक ट्रस्ट की रशियन क्यूरेटर लारीस सुरगिना ने बताया कि ट्रस्ट की ओर समय-समय पर स्थानीय कलाकारों को उभारने के लिए प्रदर्शनियां लगाई जाती हैं। प्रदर्शनी दर्शकों के लिए एक हफ्ते तक चलेगी। इससे स्थानीय कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उभरने का मौका मिलता है। इस मौके पर जय चंद कायस्था, कमलेश शर्मा, लेखापाल और अमरजीत सहित कई पर्यटक मौजूद रहे।
