बस न चलाने पर भड़के ग्रामीण

काईस (कुल्लू)। पिछले सप्ताह हुई बारिश और बर्फबारी से काईस क्षेत्र के राउगी, सोयल, सौर, कोटाधार क्षेत्रों की बस सेवा शुरू नहीं हो पाई है। इसके चलते लोगों में आक्रोश है। लोगों को मजबूरन टैक्सी या पैदल सफर करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक इन दिनों बस राउगी से आगे नहीं जा रही है। इससे आगे बस न जाने से इन गांवों के लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्हें जरूरी सामान भी टैक्सियों में लाद कर ले जाना पड़ रहा है। बस न चलने से स्थानीय लोग भड़क उठे हैं। सोयल, सौर और कोटाधार की जनता ने परिवहन निगम से शीघ्र बस चलाने की मांग की है। ग्रामीण पूने राम, राम सिंह, देवी राम, दोत राम, भाग चंद, गुलाब सिंह, रेवत राम, अमर चंद, प्रेम चंद, दोत राम, दिले राम, बिमला देवी, बैरू देवी, सेवती देवी, गंगा देवी, सुभाष चंद, तीर्थ राम, मणि देवी और तेजी देवी ने कहा कि तीन साल पहले इस सड़क को बस चलाने के लिए सरकार ने मंजूर किया था। बावजूद इसके, एचआरटीसी प्रंबधन बस राउगी तक चला रहा है। इससे गांव के स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन शर्मा ने कहा कि जल्द ग्रामीणों की मांगों पर गौर किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता चमन सिंह ने बताया कि हाल ही बारिश और बर्फबारी होने से मलबा और पत्थर सड़क पर आ गए थे, जिनको हटाकर सड़क को बहाल किया गया है। अब सड़क बस चलने योग्य है।

Related posts