
हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के अंतर्गत ऊखली में एक ट्रक और बस में टक्कर हो गई। हादसा बस चालक की लापरवाही के चलते हुआ। करीब आधा दर्जन सवारियां घायल हुई हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक चालक नरेश कुमार पुत्र प्रेम सिंह निवासी गड़यारा तहसील जोगेंद्रनगर जिला मंडी ने शिकायत दर्ज करवाई कि अपना ट्रक लेकर दाड़लाघाट से होशियारपुर जा रहा था। ऊखली के पास पहुंचा तो विपरीत दिशा से तेज गति में एक निजी बस आई और ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में बस में करीब आधा दर्जन सवारियां घायल हुई हैं जिन्हें प्राथमिक उपचार दिलवाया गया। नरेश कुमार ने बताया कि हादसा बस चालक तुलसी राम निवासी घुमारवीं जिला बिलासपुर की लापरवाही और तेज गति में बस दौड़ाने से हुआ। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, पुलिस अधीक्षक जगत राम चौहान का कहना है कि पुलिस ने धारा 279, 337 और 184 एमवी एक्ट के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की छानबीन की जा रही है।
