बस-जीप भिड़ंत में आठ यात्री घायल, दो गंभीर

नादौन (हमीरपुर)। नादौन-अम्ब राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोहला में एक जीप और बस की टक्कर में आठ यात्री घायल हुए हैं। इनमें से दो यात्रियों की हालत गंभीर है। प्राथमिक उपचार के बाद एक को पीजीआई और दूसरे को टांडा रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निजी बस अम्ब से नादौन की ओर आ रही थी। कोहला के समीप एक मोड़ पर नादौन से अम्ब की ओर जा रहे ट्राले की साइड से टकरा गई। बस के आपातकालीन द्वार के निकट बैठी सवारियों को गंभीर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हादसा बस चालक की तेज गति के कारण हुआ है। मोड़ काटते समय बस चालक बस को नियंत्रित नहीं कर सका। इस कारण विपरीत दिशा से जा रहे ट्राले के साथ बस की टक्कर हो गई। हादसे में दो यात्री गंभीर घायल है। जबकि अन्य आधा दर्जन यात्रियों को मामूली चोटें आई है। सभी घायलों को हादसे के बाद नादौन अस्पताल में ले जाया गया। छह घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। जबकि दुर्घटना में घायल मौनी ठाकुर निवासी अप्पर नियाला अम्ब की र्दाइं बाजू में गहरी चोटें आई हैं। गुरप्रीत पत्नी गुरजीत सिंह निवासी होशियारपुर की र्दाइं बाजू, सिर तथा कंधों पर गंभीर चोटें आई हैं।
प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों में गुरजीत सिंह, प्रशांत सिंघल निवासी आगरा, मैडी राम निवासी अमलैहड़, रेखा शर्मा निवासी जलग्रां तथा कुछ अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। बस का चालक मनजीत कुमार निवासी बेला, नादौन दुर्घटना के बाद मौका से भाग निकला है। ट्राला चालक मदन लाल निवासी अमतर ने बताया कि बस तेज गति से आ रही थी और मोड़ पर एक ओर झुकने से साइड ट्राले के एंगल से टकरा गई।
दुर्घटना का पता चलते ही एसडीएम नादौन बलवीर ठाकुर तथा तहसीलदार नादौन वीरेन्द्र शर्मा ने मौका पर पहुंच गए हैं। प्रशासन ने गंभीर रूप से घायल मौनी ठाकुर को 4 हजार रुपए तथा मामूली घायलों को दो-दो हजार रुपए फौरी राहत दी है। जबकि गंभीर रूप से घायल गुरप्रीत के प्राथमिक उपचार सहित टांडा पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस ने मौका पर पहुंच कर छानबीन आरंभ कर दी है। एसपी जगत राम चौहान का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है!

Related posts