बस किराया बढ़ोतरी पर कुल्लू में प्रदर्शन

कुल्लू। बस किराये बढ़ोतरी को लेकर जनता में प्रदेश सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों ने प्रदेश सरकार से इस फैसले को वापस लेने की मांग की है। मंगलवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी एवं एसएफआई ने डीसी दफ्तर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद डीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिवालय सदस्य एवं जिला सचिव प्रेम गौतम और राज्य कमेटी के सदस्य होतम सिंह सौंखला ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह फैसला जनता विरोधी है। महंगाई से त्रस्त आम जनता को राहत न देकर कांग्रेस सरकार ने बस किराये में भारी वृद्धि करके और परेशानी बढ़ा दी है।
उन्होंने बताया कि देश के दूसरे पहाड़ी प्रदेशों में आज भी बस किराया कम है लेकिन हिमाचल में पहले ही बस किराये में पिछली सरकार ने बढ़ोतरी कर दी थी। अब दोबारा किराया बढ़ा दिया है। चुनाव के दौरान कांग्रेस ने जनता से महंगाई कम करने के वादे किए थे लेकिन सत्ता में आने के बाद केंद्र की यूपीए सरकार की तर्ज पर प्रदेश में बड़े पैमाने पर नव उदारवादी नीतियों को लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने तीस फीसदी किराया बढ़ाकर जनता से धोखा किया है।
एसएफआई के छात्र नेता शेर सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार आम जनता के हित में नहीं है। सरकार ने सरकारी बसों में स्कूली छात्रों को मुफ्त यात्रा सुविधा दी है, लेकिन स्थानीय रूटों पर बसों का इंतजाम नहीं कर रही। मार्क्सवादी एवं एसएफआई का कहना है कि यदि किराये में की गई बढ़ोतरी वापस नहीं ली तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इस मौके पर पार्टी के जिला सचिवालय सदस्य नारायण चौहान, भूप सिंह भंडारी, राजेश ठाकुर और गोविंद सिंह सहित एसएफआई के कार्यकर्ता मान सिंह, रोशन, राजेश, धन्जय, सूरज, रजनीश, ध्यान सिंह, मोनिका, निशा, भुवनेश्वरी, भावना ऐले राम और नीरत राम मौजूद रहे।

Related posts