
मैड़ी (ऊना)। राष्ट्रीय उच्च मार्ग-70 अंब-हमीरपुर सड़क पर लंगयाणा के समीप एक बस की कार से भिड़ंत में एक महिला की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को फौरन सामुदायिक चिकित्सालय अंब के बाद ऊना अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को एचआरटीसी की बस एचपी 72ए-1402 ऊहल से दिल्ली के लिए जा रही थी। अचानक बस सामने से आ रही आल्टो कार नंबर एचपी 36 बी-5326 से टकरा गई। उससे कार सवार 70 वर्षीय इंदुमति सूद पत्नी वेद प्रकाश निवासी रक्कड़ जिला कांगड़ा की मौत हो गई। जबकि 76 वर्षीय वेद प्रकाश और कार चालक दिनेश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद लोगों की मदद से दोनों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से अंब अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया है। जानकारी के अनुसार सूद दंपत्ति अंब में अपने किसी रिश्तेदार के पास आए हुए थे और वापस रक्कड़ की ओर लौट रहे थे कि हादसे का शिकार हो गए। अंब के डीएसपी सागर चंद्र ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआई को रेफर कर दिया गया है।
महिला मुख्य अध्यापिका के पद से एक साल पहले ही सेवानिवृत्त हुई थीं। उनका एक बेटा अधिवक्ता के पद पर तैनात हैं और दूसरे न्यायाधीश के पद पर तैनात हैं।
