बस और कार की टक्कर में 12 घायल

बंगाणा(ऊना)। उपमंडल मुख्यालय बंगाणा के पास डुमखर में तीखे मोड़ पर एचआरटीसी की जोगिंद्रनगर से होशियारपुर जा रही बस की ऊना से लठियाणी की ओर आ रही वेगनआर कार से टक्कर हो गई। इसमें कार सवार छह लोग बुरी तरह घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए बंगाणा अस्पताल ले जाया गया, इनमें से दो को नाजुक हाल के चलते ऊना स्थित क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की जोगिंद्रनगर से होशियारपुर जा रही बस नंबर एचपी 28ए 1742 की सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई। इसमें कार चालक रेवती रमन निवासी लठियाणी, उनकी पत्नी सुमन लता, 7 वर्षीय बेटी आस्था, 5 वर्षीय बेटा अमन कुमार, उनकी भाभी सुमन कुमारी उर्फ रीना, 10 वर्षीय भतीजा आर्यन और कार चालक की बहन सुमन सहित सभी गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी बंगाणा लाया गया। जहां पर मेडिकल अधिकारी डा. महेंद्र कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि कार चालक रेवती रमन की एक टांग एवं उनकी बेटी आस्था की बाजू में फ्रेक्चर के चलते उन्हें ऊना रेफर कर दिया गया है। कार में सवार सभी को चोटें भी आई हैं। उधर बस में सवार जिला मंडी के चौंतड़ा निवासी परिचालक रमेश कुमार के भी कंधे एवं एक टांग में गंभीर चोटें लगी हैं। राकेश कुमार विलग्राम लठियाणी, यशपाल बंगाणा और सरकाघाट में रोड प्रोजेक्ट कंपनी में कार्यरत उत्तर प्रदेश के जिला मुरादाबाद निवासी सनवीर शाह भी चोटिल हुआ है। बंगाणा के थाना प्रभारी महेंद्र सिंह परमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एएसआई रमेश धवन, एएसआई सुशील कुमार, कांस्टेबल हरदीप लाडी, कांस्टेबल सुषमा कुमारी तथा एचएचजी संजीव कुमार सहित पुलिस दल की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस में मामला दर्ज कर घटना के कारणों की पडताल तेज कर दी गई है।

Related posts