
ऊना। स्थानीय बस स्टैंड पर सोमवार को पंजाब रोडवेज की बस और एक निजी बस में मामूली सी टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों बसों के चालक-परिचालक आपस में उलझ गए। देखते ही देखते मामला इतना गर्मा गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लात घूसे बरसाने शुरू हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों पक्षों को अलग-अलग किया, तब जाकर मामला शांत हुआ। सोमवार दोपहर को स्थानीय बस अड्डे में एक निजी बस सवारियां उतार रही थी कि इसी दौरान पीछे से आई पंजाब रोडवेज की बस ने निजी बस टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों चालकों के बीच काफी देर तक तू तू मैं मैं होती रही और देखते ही देखते चालकों ने एक दूसरे पर लात घूंसों से प्रहार कर डाले। इसी बीच मामला गर्माता देख लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों पक्षों को अलग किया। उधर, चौकी प्रभारी हरीश गुलेरिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बस अड्डे में बसों के बीच मामूली सी टक्कर होने के चलते चालकों के बीच मारपीट हुई, लेकिन बाद में दोनों पक्षों में आपस में समझौता होने के चलते केस दर्ज नहीं किया गया।
