बसें चैक कर रहे फर्जी पुलिस कर्मी

ऊना। मैहतपुर चैकपोस्ट पर कुछ युवा फर्जी पुलिस कर्मी बनकर दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य राज्यों से आने वाली बसों की चैकिंग कर रहे हैं। इसमें स्थानीय पुलिस चौकी की भी मिलीभगत बताई जा रही है। इस फर्जीवाड़े की शिकायत पर डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने मैहतपुर चौकी से पूरी रिपोर्ट तलब की। साथ ही कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि ऐसी शिकायत से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। भविष्य में ऐसी शिकायत आई तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। डीएसपी के निर्देशों से मैहतपुर पुलिस चौकी में हड़कंप मच गया। डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा को शिकायत मिली कि मैहतपुर बैरियर पर बसों को रात के समय पुलिस द्वारा चैकिंग के लिए रोका जा रहा है। अवैध शराब की तस्करी के मद्देनजर यह चैकिंग की जा रही है। बसों की चैकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों के साथ दो तीन स्थानीय युवा भी बसों में चढ़कर एक प्रशिक्षित पुलिस अफसर की भांति चैकिंग कर रहे हैं। सिविल ड्रेस में चैकिंग कर रहे इन फर्जी पुलिस कर्मियों को देखकर यात्रियों को ऐसा प्रतीत हो रहा है कि ये पुलिस महकमे में बड़े ओहदे पर तैनात कोई अधिकारी होंगे। ये युवा बसों में सीट पर बैठे यात्रियों को भी कई बार उठने के लिए कहते हैं। यात्रियों के ब्रीफकेस और बैग की भी तलाशी लेने से पीछे नहीं हटते। हालांकि असली पुलिस कर्मी सरसरी निगाह दौड़ाने के बाद बसों से उतर जाते हैं। मैहतपुर चौकी ने आनन फानन में डीएसपी सुरेंद्र शर्मा को जवाब दिया कि ये युवा शराब ठेकेदार के लोग हैं। डीएसपी ने कहा कि पुलिस शिकायत पर बसों की तलाशी ले सकती है। सभी बसों को रोककर यात्रियों को परेशानी करना सही नहीं है। उन्होंने फर्जी पुलिस कर्मी बने इन युवाओं को खदेड़ने के लिए कहा। डीएसपी शर्मा ने कहा कि ऐसी कोताही को किसी भी क कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related posts