बलडूहक चौक में तीन चंदन तस्कर दबोचे

नादौन (हमीरपुर)। पुलिस ने तीन चंदन तस्करों को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बलडूहक के वमनेड़ गांव के विशाल शर्मा, अरुण कुमार निवासी जंदड़ी राजपूतां व विपिन ठाकुर निवासी टोप बलडूहक मंगलवार सुबह करीब पौने पांच बजे चंदन को बोरी में डाल कर ले जा रहे थे। पुलिस टीम एएसआई जगबीर सिंह के नेतृत्व में इलाके की गश्त कर रही थी। बलडूहक चौक, रंगस पहुंचने पर पुलिस को देख तीनों युवक घबरा गए और भागने लगे। इस पर पुलिस को संदेह हुआ। पुलिस ने इन्हें पकड़कर इनकी बोरी की तलाशी ली तो इससे 21.50 किलो चंदन की लकड़ी पाई गई। पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस तीनों आरोपियों ने चंदन की लकड़ी के बारे में पूछताछ कर रही है। अभी तक पुलिस को कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस को संदेह है कि तीनों युवक किसी गिरोह को चंदन की लकड़ी सप्लाई करते हैं।
उधर, एसपी वीना भारती ने बताया कि पुलिस ने तीनों चंदन तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

Related posts