बर्फ हटाने के अभियान को झटका

कुल्लू(भाग सिंह)बर्फबारी के बाद बंद चल रहा औट-लुहरी राजमार्ग-11 पर बर्फ हटाने का अभियान रुक गया है। लोनिवि आनी का डोजर खराब होने से यह समस्या हुई है। जबकि, बंजार की ओर से लोनिवि की मशीनरी दर्रा से करीब डेढ़ किलोमीटर पीछे बड़ानाला पार पहुंच गई है। विभाग ने बर्फ हटाने के लिए डोजर तथा एलएनटी को मोर्चे पर लगा रखा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मौसम ने साथ दिया तो दस मार्च से दर्रा पर छोटे वाहन दौड़ने आरंभ हो जाएंगे। उधर, आउटर सराज की 58 पंचायतों की सवा लाख आबादी को भी मौसम खुलने से अब दर्रा के खुलने की उम्मीद जगी है। करीब ढाई माह बाद बंजार-छतरी वाया गाड़ागुशैणी मार्ग बहाल हो गया है। मार्ग बहाली से मंडी जिला और आउटर सराज की हजारों की आबादी ने राहत की सांस ली है। तीन दिन से खिली धूप के बाद जिले के लोगों का जीवन भी पटरी पर लौटने लगा है। हिमपात से बंद करीब डेढ़ दर्जन सड़कों में से अधिकतर सड़कें खुल गई हैं। बंद पड़े आनी-रोहाचला, बागीपुल-बागासराहन, कुल्लू-मलाणा आदि सड़कों के भी जल्द खुलने की उम्मीद है। लोनिवि बंजार के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि
जलोड़ी दर्रा बहाल करने के लिए विभाग ने मशीनरी के साथ युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है। एक-दो दिन में उनकी मशीनें बर्फ हटा कर दर्रा पहुंच जाएगी। जलोड़ी दर्रा में तैनात बचाव दल के सदस्य भाग सिंह ठाकुर ने कहा कि आनी की ओर से बर्फ हटाने में लगा लोनिवि का डोजर खराब हो गया है। इसके चलते बर्फ हटाने का कमा रुक गया है। विभाग के अतिरिक्त सहायक अभियंता एमडी अकेला ने कहा कि डोजर दुरुस्त कर अभियान को आगे चलाया जाएगा और जल्द मार्ग को यातायात के लिए खोला जाएगा।

Related posts