बर्फबारी से शिमला-रोहडू और रामपुर एनएच बंद

रामपुर बुशहर/कुमारसैन/ रोहडू।(संदीप/कमलेश /सुंदर) बर्फबारी के बाद शिमला-रोहडू और रामपुर को जाने वाले मुख्य मार्गों पर फिर यातायात ठप हो गया है। वहीं, जुब्बल, रोहडू, चिड़गांव और नावर क्षेत्र में अधिकांश ग्रामीण रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं। बसें ग्रामीण रूटों पर भी आधा ही सफर तय कर वापस आ रही हैं। निगम की कई बसें विभिन्न रूटों पर बर्फ में ही फंस गई हैं। क्षेत्र में शनिवार रात से ही बर्फबारी शुरू हो गई थी। इस कारण वाया खड़ापत्थर शिमला रोहडू मुख्य मार्ग पर शनिवार देर रात वाहनों की आवाजाही ठप हो गई थी। रविवार को भी मार्ग पर दिन भर निगम की बस सेवा ठप रही। निगम के रोहडू डिपो की तीन बसें भी ग्रामीण रूटों में फंसी हुई हैं। तांगणु में एक बस, बटाड़गलु में एक बस, सिंदासली में निगम की एक बस फंसी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश ग्रामीण रूटों पर बसें आधा सफर तय कर रही हैं। सुंगरी, बाहली, खशाधार, क्वार, खनोला, कड़ीवन, टिक्कर, शिलादेश, लड़ोट, रोहल, रनोल, धमवाड़ी, लोअरकोटी, भोलाड़, झगटान, गिल्टाड़ी, झाल्टा, सराजी, छाजपुर, रूईलधार, बरथाटा, कठासु, मंढोल सहित कई रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित हैं।
उधर, नारकंडा में दो दिन से हो रही बर्फबारी के कारण एनएच बंद है। निगम की सभी बसें वाया बसंतपुर और सुन्नी होकर भेजी जा रही हैं, जबकि रामपुर डिपो के तहत आने वाले करीब 15 रूटों पर बसें आधे रास्ते तक ही भेजी जा सकी हैं। इस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि बर्फबारी के चलते शनिवार से ही नारकंडा में एनएच बंद है, जबकि रामपुर-रोहडू और रामपुर-दरकाली और रामपुर से कुल्लू सड़क मार्ग भी बंद है। क्षेत्र केे करीब 15 रूटों पर निगम ने आधे रास्ते तक ही अपनी बसें भेजीं। वहीं, नारकंडा में अभी तक छह इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई है। अभी भी मौसम खराब बना हुआ है। अगर मौसम ऐसा ही रहा तो अभी एनएच को बहाल होने में समय लग सकता है।
इधर, इस बारे में आरएम रामपुर गुरबचन सिंह का कहना है कि शनिवार से बंद चल रहा एनएच अभी तक बहाल नहीं हो पाया है। इस कारण निगम शिमला, चंडीगढ़, हमीरपुर, कांगडा और दिल्ली जाने वाली बसों को वाया बसंतपुर और सुन्नी होकर भेज रहा है। वहीं उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अन्य करीब 15 रूटों पर आधे रास्ते तक बस सेवा भेजी जा रही है ताकि लोगों को परेशानियों से दो चार न होना पड़े। वहीं, पथ परिवहन निगम रोहडू डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक डीके नारंग ने बताया कि अधिकतर रूटों पर बसें आधे रास्ते तक ही जा रही हैं। वाया खड़ापत्थर शिमला राज्य मार्ग पर बस सेवा भारी बर्फबारी के चलते बंद है।

Related posts